देहरादून। माजरी माफी-मोहकमपुर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर आए दिन लगने वाले जाम, चोरी की घटनाओं एवं अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग को लेकर आज माजरी माफी-मोहकमपुर आरओबी (फ्लाईओवर) के नीचे स्थानीय नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
भाजपा नेता एडवोकेट एन.के. गुसाईं के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।
बैठक में मुख्य रूप से माजरी माफी-मोहकमपुर आरओबी के दोनों ओर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने, फ्लाईओवर के नीचे लंबे समय से खड़े संदिग्ध वाहनों की जांच कराने तथा क्षेत्र में चोरी की घटनाओं और अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई।
कार्यक्रम से पूर्व स्थानीय पुलिस चौकी जोगीवाला के पुलिसकर्मियों के साथ मौके का विस्तृत निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान यातायात की स्थिति, फ्लाईओवर के नीचे खड़े वाहनों तथा स्थानीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया गया।
इस अवसर पर आगामी 6 नवंबर को देश के यशस्वी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा को लेकर भी चर्चा हुई।
सभी उपस्थित नागरिकों ने क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।
एडवोकेट एन.के. गुसाईं ने कहा क्षेत्रवासियों की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण वातावरण हमारी प्राथमिकता है। माजरी माफी-मोहकमपुर क्षेत्र की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित विभागों को धरातल पर ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। जनहित के इन मुद्दों को लेकर स्थानीय नागरिकों की आवाज निरंतर उठाई जाती रहेगी।
कार्यक्रम में समाजसेवी मुकेश डंडरियाल, सामाजिक कार्यकर्ता आशीष बलोदी, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गिरीश चन्द्र जोशी, सेवानिवृत्त अध्यापक जगदीश सिंह रावत, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रघुनन्दन प्रसाद नौटियाल, यशवंत सिंह बिष्ट, कैप्टन जगदीश सिंह रावत, संगीता बिष्ट, दीप नंदन सिंह रावत, रमेश जुयाल, राजेश्वरी देवी डंडरियाल, सोनू राणा, राजेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र राणा, सेवानिवृत्त सूबेदार कृपाल सिंह रावत, बीना रावत, विजय, मनीष उनियाल, मीना देवी, अमित, संतोष, अजय, वरुण गुप्ता, पहलवान, गणेश, सुनील नेगी, गीता वर्मा, रतन नेगी, जयदीप, राज लखेड़ा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।